बचत कैसे की जाए? आप इस आर्टिकल में यह जानेंगे कि बचत करने के कौन-कौन से तरीके हैं, जिन्हें अपना कर आप आसानी से अपनी बचत कर सकते हैं.
बचत कैसे की जाए? आज के समय में यह बहुत ही महत्वपूर्ण एवं ज्वलंत मुद्दा है क्योंकि हर व्यक्ति जो पैसा कमा रहा है वह अपने भविष्य या इमरजेंसी के लिए कुछ न कुछ बचत अवश्य करना चाहता है, परंतु उससे बचत नहीं हो पाती है. यहां आप जानेंगे कि कैसे छोटी-छोटी बातों को अपनाकर हम अपनी बचत की शुरुआत कर सकते हैं.
खाते से पैसा स्वतः कट जाए
आपकी मासिक सैलरी या आय जिस खाते में आती है, उस खाते में ऐसी व्यवस्था करें कि जहां आप मासिक रूप से अपनी बचत जमा करते हैं, वहां ऑटोमेटिक पैसा कटकर जमा हो जाए. इसके लिए आप बैंक में जाकर या नेट बैंकिंग का सहारा लेकर ईसीएस कर सकते हैं.
अपना महीने भर का बजट बनाएं
यह बहुत जरूरी है कि हमें मालूम हो कि हमारी मासिक आय या सैलरी का पैसा कहां-कहां खर्च हो रहा है. इसके लिए यह बहुत जरूरी है कि हम अपना बजट बनाएं. बजट बनाने से हमें यह आसानी से पता चलता रहेगा कि हमारी आय से हमारे सभी खर्चे पूरे हो पाएंगे या नहीं.
फिजूल खर्ची से बचें
एक बार जब आप बजट बना लेते हैं तब आपको पता चल जाता है कि आपके लिए क्या जरूरी है और क्या नहीं. बजट से आप फिजूलखर्ची पर रोक लगा सकते हैं, जो अंततः बचत को बढ़ावा देती है.
बचत करने की आदत डालें
बचत करने की आदत डालें. इसे शुरुआत में अनुशासन के रूप में अपनाएं और यह स्व-अनुशासन कुछ समय पश्चात आपकी आदत के रूप में परिवर्तित हो जाएगा.
स्मार्ट खरीददारी करें
अपने महीने भर के राशन का सामान एवं अन्य जरूरी सामान की लिस्ट बनाएं और उसे किसी थोक दुकान से खरीदें, इससे कम से कम 10%-20% पैसा बचेगा. सब्जी सब्जी मंडी से खरीदें. वर्ष भर के लिए गेहूं, चावल, दाल आदि सीजन पर किसी गांव की बाज़ार या मंडी से खरीदकर स्टोर कर लें.
साइड इनकम करें
ऑफिस के समय के बाद शाम को 6:00 से 9:00 बजे तक के समय को किसी अन्य काम में लगा सकते हैं, जहां से कुछ न कुछ आय होती रहेगी.
ऑनलाइन शॉपिंग कम करें
पहले जब हम मार्केट जाते थे तो महीने में या सप्ताह में एक बार सामान खरीदते थे. वर्तमान में ऑनलाइन शॉपिंग से हम 24 घंटे में कभी भी शॉपिंग कर सकते हैं, जिससे खर्च करने की प्रवृत्ति बढ़ जाती है और सेविंग कम हो जाती है.
स्वास्थ्य पर ध्यान दें
"Health is wealth" - यदि आपका स्वास्थ्य अच्छा है, तो आपकी पैसे की बचत होगी. इसके लिए योग, एक्सरसाइज तथा मेडिटेशन करें, अपने खाने पर ध्यान रखें और पर्याप्त नींद लें.
महिलाएं आसानी से बचत कर सकती हैं
जिन घरों की महिलाएं कामकाजी नहीं होती हैं, वे घर की जरूरत के बारे में सबसे अच्छी तरह जानती हैं. ऐसी स्थिति में घर के खर्चों को नियंत्रित करने में महिलाओं का बहुत बड़ा योगदान होता है.
लक्ष्य के अनुसार बचत करें
जब आप अपने वित्तीय लक्ष्य निर्धारित कर लेते हैं तब आप उसी अनुसार बचत भी आसानी से शुरू कर सकते हैं.
इस प्रकार आप छोटी-छोटी बातें अपनाकर अपनी बचत की शुरुआत कर सकते हैं, जो निश्चय ही आपके सपनों को साकार करने में मददगार होंगी.