नौकरी या करियर की शुरुआत में कुछ निवेश बहुत ही महत्वपूर्ण होते हैं. हम यहां पर 5 अति महत्वपूर्ण निवेशों की बात करेंगे:
1. जीवन बीमा या टर्म इंश्योरेंस में निवेश
हम में से बहुत सारे ऐसे लोग होते हैं जिनके ऊपर परिवार की बहुत बड़ी जिम्मेदारी होती है. उनके घर में उनके अलावा और कोई कमाने वाला नहीं होता है. ऐसी स्थिति में जब किसी परिवार में एक ही व्यक्ति कमाने वाला हो और वह अचानक इस दुनिया से चला जाए तो उसके परिवार वालों को आर्थिक तंगी झेलनी पड़ती है. जिससे बचने के लिए जीवन बीमा या टर्म इंश्योरेंस एक बहुत ही अच्छा विकल्प है.
इन्हें प्रत्येक व्यक्ति को कराना ही चाहिए. इन्हें अपने जीवन में वैकल्पिक (Optional) के स्थान पर आवश्यक (Essential) निवेश के रूप में हम सबको अवश्य कराना चाहिए.
जीवन बीमा या टर्म इंश्योरेंस में निवेश आपके जीवन की सुरक्षा की गारंटी देता है. इनमें निवेश करने से आकस्मिक मृत्यु की दशा में आपके परिवार को आकस्मिक वित्तीय सहायता मिल जाती है. नौकरी या करियर की शुरुआत में इनमें निवेश करने से प्रीमियम की धनराशि कम आती है.
जीवन बीमा में जहां आपको जीवन सुरक्षा की गारंटी के साथ-साथ निवेश किया गया पैसा लाभ के साथ प्राप्त होता है, वहीं टर्म इंश्योरेंस में मात्र जीवन सुरक्षा की गारंटी होती है. कम उम्र में निवेश करने से प्रीमियम की धनराशि कम अदा करनी पड़ती है.
2. हेल्थ इंश्योरेंस में निवेश
हेल्थ इंश्योरेंस को सामान्य भाषा में हेल्थ प्लान या मेडिकल प्लान भी कहते हैं. कोई भी व्यक्ति किसी भी समय बीमार पड़ सकता है. छोटी-मोटी बीमारी कम खर्चे में सही हो जाती है, परंतु किसी को नहीं पता कि कब कोई बड़ी बीमारी या एक्सीडेंट हो जाए. ऐसे में मेडिकल खर्चों को वहन करने के लिए हेल्थ इंश्योरेंस में निवेश करना बहुत अच्छा विकल्प है. नौकरी या करियर की शुरुआत के समय उम्र कम होने के कारण हेल्थ इंश्योरेंस का प्रीमियम भी कम आता है.
हेल्थ इंश्योरेंस में अपने परिवार के लोगों जैसे माता-पिता, बच्चे और जीवनसाथी को भी कवर करें.
3. इमरजेंसी फंड के लिए निवेश
यह कोई नहीं जानता कि कब किसके पास कौन सी वित्तीय इमरजेंसी आ जाए. नौकरी या करियर की शुरुआत से ही हमें इमरजेंसी फंड के लिए निवेश करना चाहिए, जिसके लिए म्यूचुअल फंड, शेयर बाजार तथा विभिन्न बचत योजनाओं जैसे बहुत सारे विकल्प उपलब्ध हैं.
इमरजेंसी फंड के लिए किया गया निवेश न केवल इमरजेंसी में पैसे की उपलब्धता सुनिश्चित करता है, बल्कि शुरुआत से ही बचत की आदत भी विकसित करता है, जिससे जीवन भर वित्तीय स्वतंत्रता एवं स्थिरता सुनिश्चित होती है.
4. रिटायरमेंट के लिए निवेश
आप बड़ी मेहनत के बाद 25-30 साल की उम्र के आसपास अपनी नौकरी या करियर की शुरुआत करते हैं. इस उम्र तक आपकी बेसिक जरूरतों का खर्चा सामान्यतः आपके माता-पिता द्वारा वहन किया जाता है.
30-35 साल नौकरी करने के बाद जब आप रिटायर होंगे, उस समय आपको आर्थिक रूप से मदद करने वाला शायद ही कोई हो. इसलिए यह जरूरी है कि नौकरी या करियर की शुरुआत से ही आप रिटायरमेंट के लिए निवेश करना प्रारंभ कर दें, जो रिटायरमेंट के समय आपकी आवश्यकताओं को पूर्ण करने में सक्षम होगा.
रिटायरमेंट के लिए वर्तमान में बहुत सारी कंपनियों की विविध प्रकार की योजनाएं उपलब्ध हैं, जिनमें आसानी से निवेश कर अपने रिटायरमेंट के समय को आरामदायक बनाया जा सकता है.
5. जीवन लक्ष्यों एवं चाहतों को पूरा करने के लिए निवेश
सामान्य रूप से हम सभी के जीवन में कुछ लक्ष्य एवं चाहतें होती हैं जिन्हें पूरा करने के लिए हमारा मन बार-बार कहता है.
कुछ प्रमुख लक्ष्य एवं चाहतें इस प्रकार हैं:
- स्वयं का मकान होना
- स्वयं की कार होना
- मनपसंद जगह घूमने जाना
- बच्चों को उच्च शिक्षा दिलाना
इनके अलावा भी और लक्ष्य एवं चाहतें आपके जीवन में होती हैं, जिन्हें आप अपनी जरूरत के अनुसार चिन्हित कर निवेश शुरू कर सकते हैं. इन्हें पूरा करने के लिए लंबे समय में निवेश की आवश्यकता होती है — और लंबी अवधि का निवेश कंपाउंडिंग की पावर से अधिक धनराशि में परिवर्तित हो जाता है.
सार
इस आर्टिकल में एक आम इंसान के लिए जो अति आवश्यक पांच निवेश हैं, उनके बारे में जानकारी दी गई है. आप इन पांच प्रकार के निवेशों के अलावा अपनी आवश्यकता एवं जरूरत को ध्यान में रखते हुए नौकरी या करियर की शुरुआत में और भी निवेश कर सकते हैं.
जब भी आप कोई निवेश करें, निवेश करने से पहले एक्सपर्ट की राय अवश्य लें. उससे संबंधित समस्त जानकारी प्राप्त कर लें, उस योजना या निवेश से संबंधित सभी डॉक्यूमेंट या सूचनाओं को भली-भांति पढ़कर समझ लें, तभी निवेश करें, अन्यथा नुकसान उठाना पड़ सकता है. कुछ निवेश जोखिम भरे होते हैं, इसलिए अपनी रिस्क लेने की क्षमता के आधार पर ही जोखिम भरी योजनाओं में निवेश करें.
अक्सर पूछे जाने वाले सवाल (FAQs)
1. करियर की शुरुआत में सबसे पहले किसमें निवेश करना चाहिए?
करियर की शुरुआत में सबसे पहले टर्म इंश्योरेंस और हेल्थ इंश्योरेंस लेना चाहिए, क्योंकि कम उम्र में इनका प्रीमियम कम आता है और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित होती है.
2. इमरजेंसी फंड कितना होना चाहिए?
सामान्यतः 3 से 6 महीने के मासिक खर्च के बराबर धनराशि इमरजेंसी फंड के रूप में रखी जानी चाहिए.
3. रिटायरमेंट के लिए निवेश कब शुरू करना चाहिए?
रिटायरमेंट के लिए निवेश जितनी जल्दी शुरू किया जाए उतना अच्छा है, क्योंकि लंबी अवधि में कंपाउंडिंग का पूरा लाभ मिलता है.